
महासमुंद: महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम भोथली में हुई 22 वर्षीय महिला की हत्या का खुलासा हो गया है। पुलिस ने मामले में आरोपी जीतराम निर्मलकर (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 28 अक्टूबर की रात धारदार लोहे के कत्तल से महिला की हत्या की थी।
हत्या के पीछे जादू-टोने की शंका
पुलिस के अनुसार, आरोपी जीतराम, जो ग्राम झाखरमुड़ा का निवासी है, मृतिका से अक्सर नशे और खाने-पीने का सामान लिया करता था। सामान लेने के बाद उसके बच्चे की तबीयत बिगड़ जाती थी, जिससे आरोपी को महिला पर जादू-टोना करने का शक हुआ। 28 अक्टूबर की रात आरोपी ने जादू-टोना की शंका में धारदार हथियार से महिला पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पटेवा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और मामले की गहराई से जांच की।
एसडीओपी प्रेमलाल साहू ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले में पटेवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच पूरी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार कत्तल को भी बरामद कर लिया है।



















