
कोरबाः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कृषि मंत्री राम विचार नेताम को महिलाओं के एक बड़े समूह ने बंधक बना लिया। मंत्री नेताम एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोरबा पहुंचे थे। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घटी है, जहां फ्लोरा मैक्स वंनी द्वारा करीब 500 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
करीब 500 महिलाओं ने कार्यक्रम स्थल पर मंत्री के काफिले को रोकते हुए उनकी समस्याओं के समाधान की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि फ्लोरा मैक्स कंपनी ने उन्हें धोखे में रखकर उनकी मेहनत की कमाई हड़प ली है।
महिलाओं का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, वे मंत्री को वहां से जाने नहीं देंगी। उन्होंने मंत्री नेताम से इस प्रकरण पर तुरंत कार्रवाई और समाधान की मांग की है। इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची है और स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही है।



















