जगदलपुर: शहर से लगभग 12 किलोमीटर दूर बसे ग्राम मालगांव की छुई खदान में छुई निकालने घुसे ग्रामीणों में से 7 की दबने से मौत हो गई। खदान धसकने से यह हादसा दोपहर लगभग 1 बजे हुआ। खबर मिलते ही जगदलपुर से सीएसपी विकास कुमार पुलिस जवानों के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। बकावंड और जगदलपुर तहसीलदार भी मौके पर देर शाम तक डटे रहे। कुछ और लोगों के खदान में दबे होने की आशंका के कारण जेसीबी से खुदाई का काम किया जाता रहा। सभी मृतक ग्राम पंचायत मालगांव के निवासी बताए गए हैं।

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि मृतकों में दसमती, कमली, शांति, कुमारी, मनमती, शैतो और रामेश्वर शामिल हैं, जबकि पूर्णिमा को मलबे से निकाल लिया गया है, जिसे बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर रेफर किया गया है। उसके शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। गांव के लोगों ने बताया कि खदान धसकने के बाद चीख-पुकार मच गई। शोर सुनने के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और सबसे पहले 112 को सूचित किया गया। ग्रामीणों ने ही सबसे पहले रेस्क्यू शुरू किया। यही वजह रही कि छोटी बच्ची पूर्णिमा की जान बच गई।

2 दिन से खोद रहे थे मिट्टी

गांव में रहने वाले हरदेवराम बघेल ने बताया कि मुरुम के गड्ढे में छुई मिलने की बात 2 दिन पहले ही सार्वजनिक हुई थी, जिसके बाद 2 दिनों से गांव के लोग घर की पोताई करने के लिए छुई निकालने का काम कर रहे थे। कई लोगों के व्दारा छुई निकालने के और एकाएक उपर से मिट्टी धसक गई और यह हादसा हो गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!