
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले एक बड़ी खबर सामने आ रही है । कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार को ट्रैक्टर के नीचे दबकर एक किसान की मौत हो गई। किसान ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित होकर पलट गया। उसी के नीचे किसान भी आ गया। इस दौरान आसपास के लोगों ने बचाने का प्रयास किया, पर उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, आमाखोखरा गांव निवासी दुहन सिह कंवर (35) पुत्र स्व. पदुम नाथ कंवर रविवार खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। इससे पहले कि दुहन उसे संभाल पाता, ट्रैक्टर पलट गया और वह उसी के नीचे दब गया। हादसा होता देख आसपास के खेत में काम कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुहन को बचाने का प्रयास किया, पर तड़पते हुए उसने दम तोड़ दिया।
इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कटघोरा CHC में भेज दिया है। हादसे के बाद दुहन के परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है



















