रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर भाजपा पर राम के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राम के नाम पर वोट और नोट दोनों कमा रही है। वह राम के नाम पर धंधा कर रही है। रामशिला के लिए पैसे ले गए, लेकिन उसका कोई हिसाब-किताब नहीं है। राम जन्मभूमि स्थल में लाखों में जमीन खरीदकर करोड़ों में बेच रहे हैं।

मुख्यमंत्री बघेल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सुबह महादेवघाट में खारुन नदी में स्नान के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा राम मंदिर के उद्घाटन को राजनीतिक मुद्दा बना रही है, जबकि राम मंदिर का निर्माण उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर किया जा रहा है।छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर हमने भगवान राम को समर्पित कई मंदिर बनाए, लेकिन हमने उनके नाम पर कभी वोट नहीं मांगे। उन्होंने कहा कि भगवान राम हमारे लिए आस्था का विषय हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का उद्घाटन 22 जनवरी 2024 को होना है। कांग्रेस लगातार आरोप लगाती रही है कि भाजपा राम मंदिर के उद्घाटन के मुद्दे को अपने फायदे के लिए उपयोग कर रही है।

मुख्यमंत्री बघेल ने खारुन नदी में डुबकी लगाने के बाद अलाव भी तापा। महादेव घाट स्थित हटकेश्वर महादेव मंदिर में महाआरती की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे कार्तिक माह के दौरान सूर्योदय से पहले स्नान करना छत्तीसगढ़ में आमतौर पर प्रचलित एक अनुष्ठान है। विशेष रूप से गांवों में इस अनुष्ठान का पालन किया जाता हैं। जैसा कि इस दिन प्रथा है, हमने प्रार्थना भी की। उन्होंने कहा कि सूर्योदय से पहले स्नान करना स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ महंत रामसुंदर दास, मुख्यमंत्री के कृषि सलाहकार प्रदीप शर्मा, महापौर एजाज ढेबर व अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!