
राजनांदगांव: जिले में कोविड-19 कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिले में हर क्षेत्र से पॉजिटिव मरीज सामने आएं हैं। शुक्रवार को बल्देव बाग में संचालित नर्सिंग कॉलेज की 14 छात्राओं की रिपेार्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। ये छात्राएं एक साथ हॉस्टल में रहती हैं। नर्सिंग ट्रेनिंग के बीच इनकी ड्यूटी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में लगती है। यहीं ये मरीजों की देखरेख के बीच संक्रमण की चपेट में आई हैं और संक्रमण हॉस्टल में फैल गया। दो दिन पहले एक छात्रा संक्रमित हुई थी। इसके बाद शुक्रवार को संपर्क में आई छात्राओं की सैंपलिंग ली गई तो 14 छात्राएं संक्रमित पाई गई हैं। कॉलेज की प्राचार्य ने बताया कि छात्राएं मरीजों की देखरेख करती हैं। इसलिए संक्रमित हुई हैं। छात्राओं का इलाज चल रहा है और स्थिति नियंत्रण में हैं। इधर स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि कोविड की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। इसलिए लोगों को सावधान रहना चाहिए। बताया कि संक्रमण की चपेट में ज्यादातर वही लोग आ रहे हैं जो कि वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगाए हैं या फिर एक भी डोज नहीं लगा पाएं हैं। इसलिए वैक्सीन की दोनों डोज लगानी जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि गुरुवार को जिले में 34 नए केस सामने आए थे। एक्टिव मरीजों की संख्या 181 तक पहुंच गई। शुक्रवार को भी जिलेभर से केस सामने आएं हैं।



















