
बिलासपुर: पचपेड़ी क्षेत्र के बसंतपुर में 18 वर्षीय युवक की लाश बंद कमरे में मिली है। लाश चार दिन पुरानी बताई जा रही है। युवक के स्वजन कमाने खाने के लिए उत्तर प्रदेश के लखनऊ गए हैं। उन्होंने आने के बाद आगे की कार्रवाई की मांग की है। इस पर पुलिस ने कमरे में ताला लगा दिया है। गुस्र्वार को उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद मामला स्पष्ट होगा।
पचपेड़ी क्षेत्र के बसंतपुर में रहने वाले बोधीराम पटेल रोजी मजदूरी करते हैं। छह महीने पहले वे परिवार के साथ कमाने खाने के लिए उत्तर प्रदेश के लखनऊ चले गए। दो महीने पहले उनका बेटा लखन पटेल(18) गांव लौट आया। वह यहां अकेले रह रहा था। चार दिन पहले उसे गांव वालों ने देखा था। इसके बाद उसका पता नहीं चल रहा था। बुधवार की सुबह उसके घर से तेज दुर्गंध आ रही थी। वहीं, मकान अंदर से बंद था। गांव वालों ने इसकी जानकारी पचपेड़ी पुलिस को दी। इस पर पुलिस की टीम गांव पहुंच गई।
आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खोला। अंदर फर्श पर युवक की लाश मिली। पुलिस ने इसकी सूचना बोधीराम को दी। इस पर स्वजन ने उनके आने तक कार्रवाई नहीं करने बात कही। साथ ही उन्होंने घटना को संदिग्ध बताया। पुलिस ने मकान को सील कर दिया है। देर शाम तक स्वजन नहीं पहुंचे थे। इसके कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। गुस्र्वार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इससे युवक के मौत का कारण स्पष्ट होगा।
लखनऊ से आने के बाद लखन गांव के मकान में अकेले रह रहा था। उसकी लाश मिलने के बाद पुलिस ने स्वजन से बात की। इस पर स्वजन ने उसकी मौत पर संदेह जताते हुए आने तक कार्रवाई रोकने की बात कही। इस पर पुलिस उनका इंतजार कर रही है। गुस्र्वार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।



















