
कांकेर: कांकेर में प्रेमी जोड़े की जंगल में पेड़ पर लटकती लाश मिली है। बताया जा रहा है कि लड़की कुछ दिनों से घर से लापता थी। वहीं लड़का भी काम के लिए जा रहा हूं कहकर निकला था, लेकिन दोनों वापस नहीं लौटे। 8वें दिन दोनों की लाश मिली है। मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक युवक-युवती अलग-अलग समाज से थे। युवक का नाम महासिंह यादव (25) है, जो कांकेर जिले के ग्राम मूला का रहने वाला था। वहीं युवती का नाम संगीता गावड़े (22) है, जो बालोद जिले के साल्हे की रहने वाली थी।मिचीपारा गांव के ग्रामीणों के मुताबिक वे जंगल गए थे, तभी उन्हें फांसी के फंदे पर लटकते युवक-युवती की लाश नजर आई। पहले दोनों को देखकर घबरा गए। फिर जंगल में लाश होने की खबर फौरन पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
युवक और युवती के परिजनों के मुताबिक लड़की 3 नवंबर से घर से निकली थी। युवक अपने मामा के घर रहता था, वह भी उसी दिन से गायब था। लड़का बोर गाड़ी में काम करता था, अपने मामा से बोर गाड़ी में काम करने की बात कहकर घर से निकला था।युवती के घर नहीं लौटने से परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने डौंडी थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई, तब युवती के परिजनों को प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली।प्रेम प्रसंग की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन युवक के घर पहुंचे थे। युवक के परिजनों ने बताया कि महासिंह यादव बोर के काम से बाहर गया हुआ है, वह बोर करने वाली कंपनी में काम करता है। 3 नवंबर से वह घर नहीं आया है।
पुलिस ने बताया कि मिचीपारा गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर दोनों की लाश मिली है। लाश पुरानी हो गई थी, जिससे बदबू भी आने लगी थी। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।



















