
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के ग्राम तिमापुर, थाना बासागुड़ा क्षेत्र में आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत महिला लक्ष्मी पदम (उम्र 45 वर्ष) की कल रात अज्ञात माओवादियों द्वारा गला घोटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार यह घटना 06 दिसंबर की रात करीब 8:00 बजे हुई। हत्या के बाद मृतका का शव उनके घर के आंगन में डाल दिया गया। मौके पर प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन की मड़ेद एरिया कमेटी द्वारा जारी पर्चा बरामद हुआ है। पर्चे में माओवादियों ने श्रीमती लक्ष्मी पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए हत्या करने की बात लिखी है। थाना बासागुड़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस और सुरक्षा बल मामले की गहन जांच कर रहे हैं।



















