
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने भाजपा नेता मान्डो राम कुड़ियाम की हत्या कर दी है। नक्सलियों ने नेता का अपहरण कर हत्या करने के बाद शव को सड़क पर फेंक दिया। घटना कुटरू थाना क्षेत्र की है, जिसकी पुष्टि बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने की है।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों का आतंक जारी है। मंगलवार रात कुटरू थाना क्षेत्र के सोमनपल्ली गांव में भाजपा नेता और किसान मोर्चा के ब्लॉक उपाध्यक्ष मान्डो राम कुड़ियाम को नक्सलियों ने घर से अगवा कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सड़क पर फेंक दिया गया। साथ ही, नक्सलियों ने शव के पास पर्चे भी छोड़े, जिनमें मृतक पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया है।
यह घटना पंचायत चुनाव से पहले क्षेत्र में डर और दहशत का माहौल बना रही है। नक्सली लगातार निर्दोष ग्रामीणों की हत्या कर रहे हैं। बीते एक हफ्ते में बीजापुर में पांच लोगों की हत्या हो चुकी है। 6 दिसंबर को दो पूर्व सरपंचों और एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या के बाद, दो दिन पहले एक महिला को उसके पति के सामने मार दिया गया था। अब भाजपा नेता की हत्या ने इलाके में तनाव और भय का माहौल बना दिया है। बीजापुर के एसपी जितेंद्र यादव ने इन सभी घटनाओं की पुष्टि की है।



















