बिलासपुर: सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराने विवाद पर युवक और युवती ने मिलकर अधेड़ पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में घायल अधेड़ को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, घटना के बाद से युवक-युवती मुंगेली में जाकर छिप गए थे। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि घटना आठ फरवरी की है। बटालियन रोड में रहने वाला कलेश्वर यादव तिफरा में वेल्डिंग का काम करता है। रात में वह ड्यूटी से वापस आया, तब मोहल्ले में भीड़ लगी थी और उसके चाचा ससुर दीपक यादव खून से लथपथ पड़े थे। उसकी गंभीर हालत को देखकर पुलिस के डायल 112 की मदद से उसे इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया।

पूछताछ में बताया पुराने विवाद के चलते किया हमला
अपने चाचा ससुर को भर्ती कराने के बाद कलेश्वर यादव ने सकरी थाने में सूचना दी। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी यशवंत लोहार और अमेरी निवासी अंकिता बंजारे के साथ उसके चाचा ससुर का पहले विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते उन्होंने गाली-गलौज कर कुल्हाड़ी से हमला किया है। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।

इस हमले के बाद पुलिस आरोपी यशवंत और अंकिता की तलाश कर रही थी। लेकिन, दोनों फरार हो गए थे। पुलिस उनकी जानकारी जुटाई, तब पता चला कि दोनों मुंगेली में जाकर छिप गए हैं। खबर मिलते ही पुलिस ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!