कांकेर: कांकेर जिले के हल्बा चौकी में मोर्चा ड्यूटी पर तैनात जवान ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है। आत्महत्या करने वाला जवान बीजापुर CAF के 15वीं वाहिनी का है, जिसका नाम चंद्रशेखर यादव है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, जवान चंद्रशेखर यादव (36) 10 अगस्त से हल्बा चौकी में तैनात था। शनिवार की रात उसकी मोर्चा में संत्री ड्यूटी लगी हुई थी। रात करीब साढ़े 11 बजे चौकी में मौजूद अन्य जवानों ने फायरिंग की आवाज सुनी, तो सभी बाहर की तरफ दौड़कर आए। यहां जवान चंद्रशेखर यादव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।अन्य जवानों ने घटना की सूचना आला अधिकारियों को दी। मौके पर SDOP मोहसिन खान पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चारामा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है। जवान धमतरी जिले का रहने वाला था। उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इस बात का पता नहीं चल सका है। जवान के पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। जांच के बाद ही मामले का खुलासा होने की बात कही गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!