
रायपुर। आरंग में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गोठान और भगवान राम के नाम पर भाजपा को घेरा। नए राजीव भवन से सीएम ने सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने आरंग विधायक और मंत्री शिव डहरिया की जमकर तारीफ भी की।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि भाजपा ने न गाय की सेवा की, न भगवान श्रीराम के लिए कुछ किया। सिर्फ चुनाव के समय उनको गाय और श्रीराम की याद आती है। हम गौ माता की सेवा कर रहे हैं। तीन साल से गोठान बना रहे हैं, लेकिन भाजपा के लोग कभी नहीं गए। अब चुनाव सामने आ रहा है, तो गाय खोजने के लिए गोठान जा रहे हैं। वे गाय खोजने नहीं, वोट खोजने के लिए गए थे, लेकिन उनको न गाय का, न तो श्रीराम का आशीर्वाद मिलेगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि जिनकेे दिल में कांग्रेस है, वह संगठन को मजबूत करने और देश के नव निर्माण के लिए कुछ न कुछ अवश्य करेंगे। देश में कांग्रेसी पार्टी सभी लोगों को आगे बढ़ाने का काम करती है। सादगी और सौहार्द्र के लिए काम करती है। प्रेम से जीना सिखाती हैं।
उन्होंने कहा, हमारी सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा को आगे बढ़ाने, संजोने और संवारने का काम कर रहे हैं। पिछले 15 सालों में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा का पतन हुआ है, वह किसी से छिपा नहीं है। मुख्यमंत्री ने गोठान, बेरोजगारी भत्ता से लेकर सभी मुद्दों की जानकारी भी दी।
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में अब गुजरात माडल नहीं, छत्तीसगढ़ माडल का चर्चा हो रही है। यहां के लोगों को न्याय मिला है। गरीब, किसान आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं, खुशहाल हुए हैं। जबकि भाजपा का काम राम के नाम को वोट के लिए जपना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कि सरकार चिटफंड कंपनी का प्रचार कर गरीब, मजदूर, किसान और कर्मचारी के पैसे को लूटने का काम करती थी। हमारी सरकार ने चिटफंड कंपनी के संचालकों से पीड़ितों को पैसा वापस दिलाने का काम किया है।



















