
कोरबा। सुदूर वनांचल क्षेत्र में अपने दो गुना उम्र महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे जोड़े ने शराब पी, फिर केकड़ा पकड़ने नाला जा पहुंचे। यहां महिला गश खाकर गिरी तो दोबारा नहीं उठी और उसकी मौत हो गई। युवक उसे घर लाकर दो दिन तक शव रखा। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर वैधानिक कार्रवाई की।
बीस वर्षीय युवक अपने से दोगुनी उम्र की महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में था। इस जोड़े ने पहले तो छककर शराब का सेवन कर लिया। इसके बाद केकड़ा पकड़ने नाला जा पहुंचे। जहां महिला गश खाकर गिर गई। युवक जैसे- तैसे महिला को घर तो ले आया, लेकिन उसकी जान नही बचा सका। वह दो दिनों तक महिला के शव को घर में ही रखा रहा। इसकी भनक परिजनों को तब लगी, जब वे घर पहुंचे। सूचना मिलते ही हरकत मे आई पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मामले में वैधानिक कार्रवाई उपरांत जांच की जा रही है।जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत रावा के आश्रित ग्राम चचईहा पारा में सुखसेन धनुहार 20 वर्ष व 38 वर्षीय शुकवारो बाई पति- पत्नी की तरह रहते थे।
सोमवार की दोपहर दोनों ने छककर शराब पिया, इसके बाद केकड़ा पकड़ने नाले की ओर चले गए। नाले के करीब पहुंचते ही शुकवारों गश खाकर गिर गई। सुखसेन उसके होश में आने का इंतजार करता रहा, लेकिन वह बेसुध पड़ी रही। आखिरकार सुखसेन शुकवारों को कंधे में उठाकर जैसे तैसे घर ले आया, जहां महिला ने दम तोड़ दिया। सुखसेन, महिला के शव को दो दिन से घर में रखा रहा। जब महिला नहीं दिखी, तब स्वजनों को संदेह हुआ और सुखसेन के घर पहुंचे। यहां महिला की मौत होने की जानकारी मिलने पर स्वजन व ग्रामीणों ने घटना की जानकारी चौकी प्रभारी मंगतुराम मरकाम को दी।
चौकी प्रभारी मरकाम को बताया कि पुलिस टीम के साथ गांव पहुंच कर सुखसेन के घर से महिला का शव बरामद किया। चौकी प्रभारी ने बताया कि शव निरीक्षण के दौरान मृतिका के शरीर में कुछ निशान मिले। इसके संबंध में पूछताछ करने पर सुखसेन ने बताया कि महिला को उठाकर लाते समय नशे में होने पर वजह से वह कई स्थानों पर गिरा था, इससे महिला को मामूली चोटें आई थी। बहरहाल पुलिस ने स्वजनों की मौजूदगी में वैधानिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम करा शव स्वजनों के सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि युवक का विवाह एक अन्य युवती से हुई थी। इसके बाद युवक और कुछ स्वजन रोजी रोटी के लिए दीगर प्रांत गए थे। वहां से युवक को छोड़ उसकी पत्नी कही चली गई। इस घटना के बाद युवक रिश्ते की सास के करीब आ गया। वे दोनों गांव लौटने के बाद पति- पत्नी की तरह रह रहे थे।
पुलिस ने शव को खाट में लेकर किया पांच किमी का सफर
पोस्टमार्टम कराने के लिए जटगा पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्राम पंचायत रावा का आश्रित ग्राम चचईहा पारा घने जंगल और पहाड़ी के ऊपर बसा है। यहां पुलिस पहुंच तो गई, लेकिन शव को नीचे लाने कोई साधन नहीं था। ऐसे में चौकी प्रभारी मरकाम ने आरक्षक धर्मेंद्र जगत, चिरंजीवी प्रताप सिंह, गगन जायसवाल व सुपेत सिंह के साथ शव को खाट में उठाकर नीचे लाया। शव को खाट में लेकर करीब पांच किलोमीटर तक पैदल चलने के बाद नीचे पहुंचे, तब कहीं जाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो सकी।



















