
बिलासपुर: शनिवार की शाम जिला पंचायत कार्यालय की मनरेगाा शाखा में अचानक आग लग गई। इससे दफ्तार के अंदर रखे कम्प्यूटर समेत दस्तावेज पूरी तरह से जल गए। सूचना पर फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट को बताया जा रहा है।
शनिवार को सरकारी छुट्टी होने और फेडरेशन की आंदोलन के कारण जिला पंचायत कार्यालय बंद था। शाम चार बजे के आसपास कार्यालय के अंदर से अचानक धुआं निकलने लगा। इसी दौरान नई कम्पोजिट बिल्डिंग से कुछ लोग बाहर निकले। तब उनकी नजर धुएं पर पड़ी। पास जाकर देखा तो पता चला कि मनरेगा शाखा में आग लगी है। इसके बाद तत्काल सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की टीम तत्काल फायर बिग्रेड टीम के साथ घटना स्थल पहुंची। आनन फानन में आग पर पानी का छिड़काव किया गया।
सूचना पर विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी पहुंचे। भारी मशक्कत करने के बाद फायर बिग्रेड की टीम ने आग काबू पाया। इस घटना से मनरेगा शाखा के कम्प्यूटर सिस्टम व सरकारी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गया। मनरेगा शाखा प्रभारी प्रमिल लठारे ने बताया कि कार्यालय में अचानक आग लग गई। इससे कई जरूरी सामान जल गया। सभी रिकार्ड आनलाइन उपलब्ध हो जाएंगे। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि घटना से कितना नुकसान हुआ है।



















