
कांकेर: जिले में NH-30 के किनारे एक महिला की अधजली लाश मिली है। बताया जा रहा है कि महिला की पहले हत्या कहीं और की गई, फिर लाश को NH-30 के किनारे लाकर सूखे पत्ते इकठ्ठे कर जलाने की कोशिश की गई है। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को लाश मिलने की सूचना दी। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव की फोटो दिखाकर पुलिस आस-पास के गांव में महिला के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, कांकेर से कोकोड़ी जाने वाले मार्ग में लाश मिली है। शनिवार की सुबह जब राहगीर इस मार्ग से गुजर रहे थे तो उनकी नजर लाश पर पड़ी। जिसके बाद उन्होंने फौरन आस-पास के गांव के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। फिर ग्रामीणों ने पुलिस को लाश मिलने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे जवानों ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। शव आधा जल गया है लेकिन चेहरा नहीं जल पाया है।
लाश की फोटो लेकर पुलिस अब आस-पास के गांव में जाकर महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही जिले के अन्य थानों में भी किसी महिला के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है इस बारे में भी पता लगाया जा रहा है। कांकेर के SP शलभ सिन्हा ने कहा कि प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को जलाने का प्रयास किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।



















