
जांजगीर: शुक्रवार को एक युवक का शव कुएं में पड़ा मिला। युवक दो दिन से लापता था। कुएं से बदबू आने पर जब आसपास के लोगों ने झांक कर देखा तो अंदर शव तैर रहा था। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। युवक की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मामला जांजगीर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, नैला के मौहाडीह गांव निवासी भागीरथी धनुहार (45) मजदूरी करता था। वह दो दिन पहले घर से निकला, लेकिन फिर नहीं लौटा। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और रिश्तेदारों में भी पूछा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इस बीच शुक्रवार को गांव के कुएं में लोगों को बदबू महसूस हुई। उन्होंने झांक कर देखा तो अंदर शव तैर रहा था।
इस पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव बाहर निकलवाया और शिनाख्त करवाई तो पता चला कि वह भागीरथी का था। हालांकि उसकी मौत कैसे हुई यह अभी सामने नहीं आ सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिवार के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं।



















