
कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में रेत माफियाओं के खिलाफ लोगों ने मोर्चा खोल दिया। नियम को ताक पर रखकर जिस तरह से रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है, उससे परेशान लोगों ने मंगलवार सुबह बांकीमोंगरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की वजह से दोनों ओर गाड़ियां फंस गईं। सुबह उस रास्ते से गुजरने वाले लोग परेशान होते रहे। विरोध-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
अहिरन नदी से जिस तरह से रेत माफिया अवैध उत्खनन को अंजाम दे रहे हैं, उससे ग्रामीणों के खेत की मिट्टी का कटाव हो रहा है। इतना ही नहीं और भी कई तरह की परेशानियों का सामना उन्हें करना पड़ रहा है। मंत्री से लेकर कलेक्टर तक से शिकायत करने के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तब लोगों ने बांकीमोंगरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
इससे मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोगों के विरोध-प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके अलावा खनिज विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। अधिकारियों ने अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने का आश्वासन लोगों को दिया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने चक्काजाम खत्म कर दिया। इसके बाद जाम में फंसी गाड़ियों को धीरे-धीरे करके निकाला गया। खनिज अधिकारी प्रमोद नायक ने बताया कि सूचना पर वे मौके पर पहुंचे। यहां घटना की जानकारी लेने के बाद रेत घाट पर कार्रवाई की गई है। अवैध रेत घाट को सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई जारी रहेगी।



















