
कांकेर: छत्तीसगढ़ के कांकेर में शुक्रवार को एक युवक ने 13 साल की बेटी के सामने ही अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। महिला की गलती सिर्फ इतनी थी कि वह पार्लर से देर से लौटती थी। आरोपी पति ने टंगिया से महिला पर तीन वार किए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ एकत्र होती देख आरोपी ने थाने जाने का झांसा दिया और भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामला पंखाजूर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, चांदीपुर गांव जीवानंद टिकेदार (45) ने लतिका टिकेदार (35) के साथ दूसरी शादी की थी। लतिका भी यह दूसरी शादी थी। पहले पति से उसकी 13 साल की एक बेटी है, जो साथ ही में रहती है। बताया जा रहा है कि पत्नी के पार्लर जाने और काफी देर से आने को ले कर दोनों के बीच विवाद था। इसके बाद महिला ने मजदूरी भी शुरू कर दी थी। इसे लेकर जीवानंद अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और उसे मना किया करता। इसके बाद भी लतिका अड़ी हुई थी।
इसी बात को लेकर सुबह करीब 6 बजे से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि जीवानंद ने लतिका को जान से मार देने की बात कही। इस पर उसकी 13 साल की सौतेली बेटी ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह देखकर जीवानंद भड़क गया। उसने बेटी से मोबाइल छीना और जमीन पर पटक कर तोड़ डाला। इस बीच लतिका किचन में खाना बनाने चली गई। आरोप है कि तभी जीवानंद टंगिया लेकर पहुंचा और लतिका की पीठ पर वार कर दिया।



















