
दंतेवाड़ा: जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक साथ 10 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी नक्सली आगजनी घटनाओं में शामिल थे।
मिली जानकारी के अनुसार 17 दिसंबर की रात्रि में डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ 230 वीं बटालियन के जवान संयुक्त रूप से सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान जवानों को दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सरहदी क्षेत्र हुर्रेपाल और बेचापाल में भैरमगढ़ एरिया कमेटी-कामालूर एलओएस कमांडर सोनू ओयाम के साथ करीब 20-25 नक्सलियों के उपस्थिति की सूचना मिली। इसके बाद जवानों की टीम ग्राम बेचपाल, हुर्रेपाल एवं गहनार की ओर रवाना हुई। पुलिस पार्टी को देखकर कुछ व्यक्ति भागने व छिपने लगे। पुलिस पार्टी ने घेराबंदी कर दस नक्सलियों को पकड़ा गया। ये सभी 23 नवंबर को भांसी में निर्माण कार्य में लगे वाहनों को आग लगा दी थी। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



















