
रायपुर: छत्तीसगढ़ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह को एक और बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के वैधानिक सदस्य निर्वाचित हुए हैं। यह नियुक्ति संसद में चुनावी प्रक्रिया के तहत हुई।
देवेंद्र प्रताप मूलत रायगढ़ जिले के निवासी हैं। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय के नेतृत्व में बनी नई सरकार के बाद वे राज्यसभा सांसद बने थे। सांसद बनने के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक और विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
इससे पहले देवेंद्र प्रताप स्टील और कोल संसदीय समिति के सदस्य रह चुके हैं। अब एम्स रायपुर के वैधानिक सदस्य के रूप में वे संस्थान के प्रशासन और संचालन से जुड़े निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
केंद्र सरकार के नियमानुसार, देश के प्रमुख संस्थानों में संचालक समिति (स्टेच्यूटरी बॉडी) का गठन किया जाता है। इस समिति के सदस्य संसद की चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से चुने जाते हैं। यह समिति संस्थान के संचालन और विकास में अहम भूमिका निभाती है।
देवेंद्र प्रताप सिंह की इस नई भूमिका से रायगढ़ और जशपुर अंचल के लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। एम्स के माध्यम से चिकित्सा और शैक्षिक सुविधाओं में आने वाली बाधाओं को दूर करने में वे सहायता कर सकते हैं। इसके अलावा, इस क्षेत्र के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर जानकारी और पहुंच प्राप्त होगी।
देवेंद्र प्रताप सिंह की यह नई जिम्मेदारी उनके नेतृत्व और अनुभव को दर्शाती है। रायपुर एम्स जैसे संस्थान में उनकी भूमिका से छत्तीसगढ़ के लोगों को बेहतर सेवाएं मिलने की संभावना है।



















