
महासमुंद: सिंघोड़ा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजे की तस्करी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 80 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 12 लाख रुपए बताई जा रही है।
आरोपी बोलेरो वाहन के छत पर विशेष रूप से बनाए गए चैंबर में गांजा छिपाकर तस्करी कर रहे थे। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें NH-53 के पास रेहटीखोल के नजदीक पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के गुना जा रहे थे। सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20बी के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ी रोकथाम की उम्मीद जताई जा रही है।



















