दुर्ग: दुर्ग जिले में मंत्री रवींद्र चौबे के करीबी सरपंच पति की संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में लाश मिली है। गोताखोरों ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला है। जांच करने पर मृतक के शरीर पर चोट व घसीटने के निशान मिले हैं। ऐसे में आशंका है कि उसकी हत्या की गई है।

लिटिया-सेमेरिया चौकी प्रभारी सोमेश सिंह ने बताया कि ग्राम डोड़की व शिवकोकड़ी की सरपंच बीनाबाई निषाद के पति कौशल निषाद (55वर्ष) की लाश मिली है। कौशल बुधवार सुबह 9 बजे बीनाबाई को नहाने जाने की बात बोलकर घर से निकला था। जब वह दोपहर 12 बजे तक घर नहीं लौटा तो परिवार वालों को उसकी चिंता हुई। घर वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की। जब वो लोग नदी के किनारे गए तो देखा कि उसका कपड़ा और चप्पल नदी किनारे पड़ा हुआ है। घरवालों ने नदी के आसपास काफी खोजा, लेकिन वह कहीं नहीं मिला।

कौशल के न मिलने से घरवाले काफी परेशान हो गए। उन्होंने गांव वालों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही लिटिया पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना देकर गोताखोरों को बुलाया। उन लोगों ने नदी में लगभग 5 घंटे तक तलाश की। जिसके बाद कौशल निषाद की लाश नदी में मिली।

नदी से शव बाहर निकालने के बाद जब उसका पंचनामा किया गया तो पुलिस को मृतक के शरीर में चोट के निशान मिले। कौशल के नाक से खून निकल रहा था। सीने में किसी डंडे या राडनुमा चीज से मारने के निशान थे। उसके शरीर में घसीटने के भी निशान मिले हैं। यह सब देख गांववालों और पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसपी ग्रामीण अनंत कुमार का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चल जाएगा कि मौत कैसे हुई है।


Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!