रायपुर: चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मंगलवार को छत्‍तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बिजली चमकने और हल्की वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे के हिसाब से अंधड़ भी चल सकती है। विभाग का कहना है कि अभी तक मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी ही है। छत्‍तीसगढ़ में 17 जून तक मानसून का आगमन हो सकता है।

प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है। सुबह से ही इन दिनों सूरज के तेवर तीखे होने लगते हैं, जो दोपहर तक और बढ़ जाती है। सोमवार को भी दोपहर तक तपिश रही और उमस से लोग हलाकान रहे। हालांकि दोपहर शाम करीब चार बजे मौसम का मिजाज बदला और हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हल्की बूंदाबांदी व हवाओं ने काफी हद तक उमस से राहत दिलाई। रायपुर के साथ ही प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी आने वाले कुछ दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। सोमवार को प्रदेश भर में सक्ती सर्वाधिक गर्म रहा। एआरजी सक्ती का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। वहीं बिलासपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रहे।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह औसत समुद्र तट से 1.5 किमी ऊपर बना है। इसके प्रभाव से मंगलवार को भी प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ बारिश के भी आसार है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!