रायपुर: मानसून द्रोणिका के प्रभाव से पिछले दिनों हुई लगातार वर्षा के बाद प्रदेश में वर्षा का कोटा और ज्यादा हो गया है। एक जून से लेकर 21 सितंबर तक प्रदेश में 1222 मिमी वर्षा हुई है। यह वर्षा सामान्य की तुलना में 11 प्रतिशत ज्यादा है। पिछले वर्ष इस अवधि में प्रदेश में 1050 मिमी वर्षा हुई थी।

बीजापुर में सर्वाधिक 2425.2 मिमी वर्षा हुई है और सरगुजा में सबसे कम 604.2 मिमी वर्षा हुई है। प्रदेश भर में एक क्षेत्र में अति भारी वर्षा, 10 जिलों में ज्यादा वर्षा, 12 जिलों में सामान्य और चार जिले में कम वर्षा हुई है। रायपुर जिले में अभी तक 850.2 मिमी वर्षा हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

बुधवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम सामान्य रहा और सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए रहे। कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई। हल्की वर्षा के चलते मौसम में भी इन दिनों ठंडकता आ गई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश और उसके आसपास स्थित है। साथ ही ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 5.8 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

छत्तीसगढ़ में अब तक 1192.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2022 से अब तक राज्य में 1192.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून से आज 21 सितम्बर तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 2283.7 मिमी और सरगुजा में जिले में सबसे कम 551.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर में 924.1 मिमी, बलरामपुर में 896.3 मिमी, जशपुर में 943.8 मिमी, कोरिया में 834.4 मिमी, रायपुर में 861.7 मिमी, बलौदाबाजार में 1111.9 मिमी, गरियाबंद में 1214.3 मिमी, महासमुंद में 1118.3 मिमी, धमतरी में 1264.8 मिमी, बिलासपुर में 1371.3 मिमी, मुंगेली में 1247.5 मिमी, रायगढ़ में 1127.6 मिमी, जांजगीर-चांपा में 1306.6 मिमी, कोरबा में 1150.0 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 1026.9 मिमी, दुर्ग में 927.7 मिमी, कबीरधाम में 1070.8 मिमी, राजनांदगांव में 1170.1 मिमी, बालोद में 1252.2 मिमी, बेमेतरा में 679.4 मिमी, बस्तर में 1729.7 मिमी, कोण्डागांव में 1229.2 मिमी, कांकेर में 1480.1 मिमी, नारायणपुर में 1388.7 मिमी, दंतेवाड़ा में 1729.6 मिमी और सुकमा में 1504.8 मिमी औसत वर्षा रिकार्ड की गई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!