रायपुर: मानसून के जाते-जाते एक बार फिर से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। बादल छाए रहने व वर्षा के चलते मौसम में ठंडकता बढ़ गई है। आने वाले दो दिनों में प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी प्रकार रहने की संभावना है। मंगलवार शाम से रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जमकर वर्षा हुई। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी मध्य छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा के आसार है। इसके साथ ही प्रदेश भर में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

मंगलवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश का मौसम सामान्य रहा। बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। देर शाम रायपुर सहित कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल गया और जमकर वर्षा हुई। लगातार वर्षा के चलते अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई और मौसम ठंडा हो गया।

रायपुर का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। प्रदेशभर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र महासमुंद में 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में मानसून गतिविधि फिर से सक्रिय हो गई है। इसके प्रभाव से ही बीते कुछ दिनों से वर्षा हो रही है। बुधवार को भी प्रदेशभर में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ में तो भारी वर्षा की संभावना है।

इन क्षेत्रों में हुई वर्षा

कोंटा-ओड़गी-गरियाबंद में सात सेमी, करतला-सुकमा-प्रतापपुर-छूरा में पांच सेमी वर्षा हुई है। इन क्षेत्रों के साथ ही प्रदेशभर में हल्की से मध्यम वर्षा हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!