रायपुर: दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो गई है और मानसून विदाई रेखा बड़ी तेजी से आगे बढ़ रही है। शुक्रवार को पेंड्रा रोड से विदा होने के बाद शनिवार को मानसून की विदाई बिलासपुर से भी हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिनों में प्रदेश भर से मानसून विदा हो जाएगा।

शनिवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई। हल्की वर्षा के चलते मौसम में भी ठंडकता बनी रही। अधिकतम तापमान सामान्य रहा और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी आई। प्रदेश भर में कृषि विज्ञान केंद्र महासमुंद में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अक्टूबर के आखिरी दिनों में ठंड की दस्तक भी शुरू हो जाएगी।

प्रदेश में इन दिनों बंगाल से नम हवाएं आ रही है। इसके प्रभाव से ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून की विदाई रेखा लुमडिंग, कैलाशहर,बहरामपुर, कानके, बिलासपुर, ब्रम्हपुरी, बुहाणा और डहानु है। अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश भर से मानसून की विदाई संभावित है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!