
बिलासपुर: सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के मायके वालों ने पुलिस को बताया कि उसका पति मारपीट कर प्रताड़ित करता था। मायके वालों के बयान के आधार पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपित पति और सास ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली अन्नू उर्फ अनुराधा प्रजापति का विवाह इमलीपारा में रहने वाले आकाश प्रजापति से हुई थी। 17 सितंबर को महिला ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर झूल गई।
इसकी जानकारी होने पर पति आकाश और स्वजन उसे फंदे से उतारकर अपोलो लेकर गए। अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं, उसकी मां शोभा प्रजापति, मौसी संध्या प्रजापति, मामा राकेश और मुकेश प्रजापति का बयान दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि आकाश शादी के बाद से ही अनुराधा को परेशान करता था। वह सिगरेट पीकर जलता हुआ सिगरेट उसके मुंह में लगा देता था। अनुराधा इससे परेशान थी। मायके वालों के बयान के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। आरोपित पति और ससुर रामनारायण प्रजापति व सास रामकली को गिरफ्तार कर लिया है।
अनुराधा की मां शोभा ने अपने बयान में बताया कि आरोपित आकाश परिवार वालों के सामने ही उसका कपड़ा खींच देता था। इसके साथ ही वह कमरे में ही बाथरूम करके अनुराधा से साफ कराता था। इससे परेशान होकर उसने मायके वालों को इसकी जानकारी दी। इस पर मायके वाले उसे लेने के लिए आए थे। इस पर सास और ससुर ने उसे ले जाने से रोक दिया। इस पर मायके वालों ने अपनी बेटी को ठीक से रखने की हिदायत दी थी। इस दौरान मायके वालों ने आगे से ऐसा नहीं होने की बात कही। उनके आश्वासन पर मायके वाले लौट आए थे।



















