
महासमुंद: महासमुंद में बुधवार को एसीबी टीम ने घूस लेते महिला क्लर्क सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने पेंशन और जीपीएफ की एवज में रुपए मांगे थे। रिश्वत की तीसरी किश्त 40 हजार रुपए लेने के दौरान टीम ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी पशु चिकित्सा सेवाएं कार्यालय में पदस्थ हैं।
जानकारी के मुताबिक, विभाग से रिटायर होने के बाद एक महिला कर्मचारी अपनी पेंशन और जीपीएफ के लिए परेशान थी। इसको लेकर वह रोज दफ्तर के चक्कर लगा रही थी। इस बीच महिला कर्मचारी वहीं कार्यरत क्लर्क सरिता त्रिपाठी और उमाशंकर गुप्ता के संपर्क में आई। आरोप है कि दोनों ने इसकी एवज में रुपयों की मांग की।
आरोपियों ने पहली किश्त के रूप में 17 हजार रुपए ले लिए। फिर से 40 हजार रुपए लिए। इसके बाद भी 40 हजार रुपयों की और मांग कर रहे थे। इस पर महिला ने एसीबी में शिकायत कर दी। तस्दीक के बाद टीम ने ट्रैप का आयोजन किया और रायपुर की टीम ने दोनों कर्मचारियों को रंगे हाथ रिश्वत की रकम लेते गिरफ्तार कर लिया।



















