
जांजगीर: जिले में तालाब में डूबने से 6 साल की बच्ची की मौत हो गई है। जबकि उसकी बहन को बचा लिया गया है। दोनों तालाब किनारे खेल रही थीं कि अचानक नहाने चलें गईं। जिसके बाद गहराई में जाने से दोनों डूबने लगीं। इसके बाद चीखने चिल्लाने पर एक की जान बचा ली गई है। मगर एक बहन की जान चले गई। मामला जांजगीर थाना क्षेत्र का है।
केवा निवासी आस्था यादव(6) पिता विजय यादव अपने मामा के घर हाथी टिकरा गांव आई थी। वो यहां अपने मामा की लड़की विनीता यादव(6) के साथ घर से कुछ दूर स्थित तालाब के पास खेल रही थी। दोनों कक्षा पहली में पढ़ती थीं। बताया जा रहा है कि दोनों पहले घर के पास ही थीं। फिर बाद में खेलते-खेलते तालाब के पास चले गए।
दोपहर को करीब 12 बजे वे वहां तालाब के पास खेल रहे थे। इसके बाद दोनों बहनें नहाने के लिए तालाब में चले गए। पता चला है कि दोनों जैसे ही तालाब में गए डूबने लगे। दोनों जब डूबने लगे तो चीखना-चिल्लाना शुरू किया। इसके बाद पास में मौजूद एक युवक आशीष पटेल ने तालाब में कूदकर दोनों को बचाने की कोशिश की।
दोनों को तालाब से निकाल लिया गया। इसके बाद दोनों को अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने आस्था को मृत घोषित कर दिया है। वहीं विनीता की हालत गंभीर बताई गई है। विनीता का इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, आस्था के शव के पीएम की तैयारी की जा रही है।



















