जशपुर: बाइक सवारों पर हाथी ने हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक की मृत्यु हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना जिले के दुलदुला रेंज के हल्दीमुंडा गांव की घटना है।

जानकारी के अनुसार ललित कुमार एक बाइक में अपने दो साथियों के साथ फुटबाल मैच देख कर वापस घर की ओर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय हाथी सड़क में ही खड़ा हुआ था। अति उत्साह में युवकों ने बाइक को हाथी के किनारे से निकालने का प्रयास किया। इसी समय हाथी ने बगल से निकल रही बाइक को सूढ़ से धक्का दे दिया। इससे असंतुलित हो कर बाइक सड़क में गिर गया। बाइक के गिरते ही हाथी ने नीचे गिरे हुए युवकों को पैर से रौंद दिया। घटना मे बाइक में सवार ललित और मुकेश लकड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए।

वन विभाग के एसडीओ नवीन कुमार निराला ने बताया कि दोनों घायलों को बाइक चला रहे पंकज ने किसी तरह खींच कर हाथी से दूर ले गया और घटना की सूचना स्वजनों को दी। स्वजनों और ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को इलाज के लिए दुलदुला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान ललित की मृत्यु हो गई,वहीं मुकेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। हाथी के रौंदने से उसके कमर में चोट आई है। घटना की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटना स्थल पर पहुंचे। मृतक और घायलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

छत्तीसगढ़ के घोर हाथी प्रभावित जशपुर जिले में इस साल 2022 में हाथी के हमले में 17 की मृत्यु हो चुकी है। हाथी की इस समस्या को नियंत्रित करने के लिए वन विभाग ने अब तक एलिफेंट कारिडोर,जीआई वायर फेंसिंग,स्मार्ट हूटर और रेडियो कालर आईडी जैसे कई प्रयोग कर चुके है। लेकिन जनहानि की घटना रुक नही रही है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घटना स्थल के आसपास अब भी दो हाथी डटे हुए है। ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!