
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिवार को IED ब्लास्ट की चपेट में आने से CAF का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल जवान का नेलसनार के प्राथमिक उपचार करने के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जवान के पैर के चिथड़े उड़ गए हैं। करीब एक हफ्ते पहले इसी इलाके में हुई IED ब्लास्ट की चपेट में आने से CAF का ही एक जवान घायल हुआ था, जिसने अपने दोनों पैर गवां दिए थे। मामला नेलसनार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, CAF 8वीं वाहिनी के जवान नेलसनार इलाके में इंद्रावती नदी के किनारे पांडे मुर्गा और बंगोली के पास एरिया डोमिनेशन के लिए निकले थे। यहां जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए माओवादियों ने पहले से ही IED प्लांट कर रखी हुई थी। जैसे ही जवान इलाके में पहुंचे तो एक CAF के आरक्षक थाम सिंह का पैर प्रेशर IED के ऊपर आ गया। जिससे जोर का धमका हुआ।
घटना में जवान के एक पैर के चिथड़े उड़ गए। वहीं साथी जवान घायल को फौरन नेलसनार के अस्पताल लेकर आए। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे दंतेवाड़ा लाया गया और यहां से हेलिकॉप्टर के माध्यम से रायपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। घायल जवान कोरबा जिले का रहने वाला है। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके की सर्चिंग बढ़ा दी गई है।



















