नारायणपुर: नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने IED से दो सीरियल ब्लास्ट किए हैं। ब्लास्ट की चपेट में आने से DRG के 2 जवान घायल हो गए हैं। उनको नारायणपुर जिला अस्पताल लाया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों घायल जवानों की स्थित अभी सामान्य है। फिर भी बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया जाएगा। SP सदानंद कुमार ने घटना की पुष्टि की है। मामला जिले कुरुस्नार थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों के साम्राज्यवाद विरोधी सप्ताह के अंतिम दिन 29 मार्च को DRG और ITBP के जवान कोडोली और झारवाही की तरफ सर्चिंग पर निकले थे। जवानों के आने की सूचना माओवादियों को मिली। इसके बाद माओवादियों ने 2 सीरियल IED प्लांट कर दिए। सुबह करीब 9 बजे सर्चिंग के दौरान एक DRG जवान का पैर IED पर पड़ा और जोर का धमाका हुआ। इसी बीच चंद सेकेंड में ही दूसरी IED भी ब्लास्ट हो गई।

दोनों IED की चपेट में आने से 2 जवान सनाऊ वड्डे और रामजी पोटाई घायल हो गए। जिन्हें साथी जवानों ने मौके से निकाला और फौरन जिला अस्पताल लेकर आए, जहां दोनों का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि इलाके में कुछ जवान अब भी मौजूद हैं, जो इलाके की सर्चिंग कर रहे हैं। फिलहाल दोनों घायल जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!