
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने गांव के कोटवार की हत्या कर दी। इसके बाद शव को उसी के गांव में फेंक दिया। सोमवार को ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके के लिए फोर्स को रवाना किया गया है। आशंका है कि नक्सलियों ने गांव के चारों ओर एंबुश लगा रखा है। इसके चलते जवान पैदल ही निकले हैं। वारदात कटेकल्याण थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, कलारपारा के गुड़से निवासी लखमा मरकाम (40) गांव का कोटवार था। नक्सलियों ने सोमवार सुबह उसकी हत्या कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। बताया जा रहा है कि धारदार हथियार से लखमा को मारा गया है। पुलिस मौके के लिए निकल गई है। कटेकल्याण से यह गांव करीब 12 किमी दूर है। यह भी सामने आ रहा है कि नक्सलियों ने एंबुश लगा रखा है। घटना की पुष्टि दंतेवाड़ा SP ने की है।



















