रायपुर: छत्तीसगढ़ में सत्ता से बाहर बैठी भाजपा अब मतदाताओं का दरवाजा खटखटाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लोगों के घरों के भीतर तक जाएगी। मोदी सरकार की योजनाओं को घरों तक पहुंचाने के लिए युवाओं की ताकत का सहारा लिया जाएगा। पार्टी ने तय किया है कि दूसरे दलों की तरह वोटबैंक की नहीं, बल्कि जनसेवा की राजनीति करनी है। इसके तहत घरों में बैठकर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे, समझेंगे। पार्टी के स्थापना दिवस पर भाजपा ने तीन मूल मंत्र का संकल्प लिया है। पहला कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का समावेश करना, दूसरा लाभार्थियों से संपर्क बनाना और तीसरा बूथ स्तर पर मजबूत नेतृत्व प्रदान करना।

पार्टी का कहना है कि हर बूथ पर युवाओं को नेतृत्व दिया जाएगा। एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना के साथ भारत को विश्वगुरू बनाने के सपने को साकार तभी किया जा सकता है, जब प्रदेश में सभी वर्ग को उनका अधिकार दिलाया जा सके। दलित, आदिवासियों, महिला, युवा और बुजुर्गों समेत सभी वर्गों को उनके अधिकार मिलें, युवाओं के सपने पूरे हों, इस मकसद से काम करना है। प्रदेश सरकार की विफलताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाने की भी रणनीति बनी है

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि एक-एक कार्यकर्ता को काम में लगाएंगे। नेताओं के बीच समन्वय स्थापित करके जनता का विश्वास जीतेंगे। युवाओं के सपनों से मजाक किया जा रहा है। वर्तमान सरकार की विफलताओं और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र की योजनाओं के बखान के सहारे सत्ता में वापसी करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि बूथ का सशक्तीकरण हमारे कार्यकर्ताओं के दम पर ही है। तीन बार हम प्रदेश में सत्ता में रहे। लोकसभा में भी जीते। इस बार युवाओं की ऊर्जा हमारी ताकत है।

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। हम पं. दीनदयाल उपाध्याय, पं. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करने के लिए अगले छह महीने समाज के अंतिम छोर के हर व्यक्ति तक पहुंचेंगे।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने कहा कि बूथ सशक्तीकरण कार्यक्रम में प्रदेश में बड़े नेताओं के प्रवास होंगे। हम भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चलाएंगे। मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर आगे बढ़ेंगे। राज्य की कांग्रेस सरकार के पास बताने के लिए कुछ नहीं है। केंद्र की योजनाएं भाजपा के लिए मील का पत्थर बनेंगी।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि युवा तैयार हैं बस नेतृत्व प्रदान करना है। हम युवाओं के लिए उनके सहारे लड़ेंगे। युवाओं को हर तरह से ठगा जा रहा है। भर्ती परीक्षाओं में धांधली, माफियाराज और भ्रष्टाचार हो रहा है। इससे मुक्ति दिलाएंगे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!