
रायपुर: मानसून की बेरुखी इस वर्ष लगातार बनी हुई है। जून के 30 दिनों में प्रदेश में 29 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। 13 जिलों में सामान्य से कम और तीन में अति कम वर्षा हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में शुक्रवार को भारी वर्षा और बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, एक से 30 जून तक प्रदेश के दो जिलों में ज्यादा वर्षा हुई। नौ जिलों में सामान्य वर्षा, 13 जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है। साथ ही तीन जिलों में अति कम वर्षा दर्ज हुई है। रायपुर में 73.5 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 59 प्रतिशत कम है। सरगुजा में 81.7 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 66 प्रतिशत कम है।
जशपुर में 69.6 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 74 प्रतिशत कम है। मुंगेली में सर्वाधिक 211.5 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 30 प्रतिशत अधिक है। कबीरधाम में भी 181 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से 35 प्रतिशत अधिक है। गौरतलब है कि इस वर्ष मानसून पिछले वर्ष की तुलना में सात दिन विलंब से पहुंचा है, लेकिन अभी तक इसकी बेरुखी बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में अच्छी वर्षा की उम्मीद है। अब मानसून की सक्रियता बढ़ने लगी है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से बस्तर रहेगा।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि पूर्व पश्चिम द्रोणिका पंजाब से उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। साथ ही कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा के आसार है।



















