छत्तीसगढ़ एजेंसी। छत्तीसगढ़ के कांकेर में गुरुवार दोपहर नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाने के लिए सीरियल ब्लास्ट किए। सशस्त्र सीमा बल कैंप के पास हुए एक के बाद एक दो धमाके हुए। उस समय जवान गश्त पर निकले थे। गनीमत रही कि जवानों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। इसके बाद इलाके में सर्चिंग बढ़ा दी गई है। ब्लास्ट की पुष्टि अंतागढ़ एसडीओपी अमर सिदार ने की है। हालांकि इस संबंध में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
पुलिस ने बताया रावघाट थाना क्षेत्र के बैहासालेभट में सशस्त्र सीमा बल का कैंप है। वहां से जवान गुरुवार को गश्त पर निकले थे। इसी दौरान दोपहर करीब 3.30 बजे कैंप से करीब डेढ़ किमी दूर सेंदरी बहार नाला में नक्सलियों ने ब्लास्ट किया। इसके ठीक थोड़ी देर बाद जवानों को निशाना बनाते हुए दूसरा ब्लास्ट सूखा नाला के पास किया गया। बताया जा रहा है कि इस ब्लास्ट में कोई जवान हताहत नहीं हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही अंतागढ़ एसडीपीओ अमर सिदार सहित सशस्त्र सीमा बल के अफसर मौके पर रवाना हो गए हैं। इसके साथ ही इलाके में सर्चिंग तेज कर दी गई है । अभी तक किसी तरह के कोई नुकसान की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि यह जवान रावघाट परियोजना के तहत बनाए जा रहे रेलवे ट्रैक की सुरक्षा में तैनात हैं। इसी के तहत जंगल में गश्त पर निकले थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!