
छत्तीसगढ़, एजेंसी : दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम के पहले चुनाव में नव निर्वाचित पार्षदों ने बुधवार सुबह अपने पद और गोपनीयता की शपथ ली। निर्वाचन अधिकारी डॉ. एसएन भुरे ने कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए पांच-पांच पार्षदों को शपथ दिलवाई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम पूरा होने के बाद कांग्रेसी पार्षद गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के साथ निकल गए हैं। कुछ ही देर में कांग्रेस अपने पार्षद दल के नेता यानी महापौर और सभापति के नाम को तय करके वापस मतदान की प्रक्रिया में शामिल होगी।
बीजेपी के पार्षद वहां सांसद विजय बघेल के साथ निकले हैं। सांसद बघेल ने कहा कि कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत है इसके बाद भी वह निर्दलियों का सहारा ले रही है। कांग्रेस को अपने ही पार्षदों पर विश्वास नहीं है। इसीलिए वह उन्हें लेकर अज्ञातवास में घूम रही है। उनको पूरे घेराबंदी के साथ ही शपथ ग्रहण में ले जाया जा रहा है। यह पार्षदों का अपमान है।
फिलहाल कांग्रेस का ही उम्मीदवार मेयर और सभापति पद के लिए तय माना जा रहा है। भिलाई से अलग होकर पहली बार अस्तित्व में आए 40 सीटों वाले इस निगम में कांग्रेस 21 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत में है। जबकि सात में से पांच निर्दलीय भी साथ होने का दावा कांग्रेस कर रही है। माना जा रहा है कि कांग्रेस की ओर से शशि सिन्हा या सोनिया देवांगन को महापौर का प्रत्याशी बना सकती है। सोनिया देवांगन वार्ड 14 से पार्षद हैं, जबकि शशि सिन्हा वार्ड 9 से पार्षद चुनी गई हैं। सभी निर्वाचित 40 पार्षदों की शपथ के बाद मतदान प्रक्रिया से निगम का महापौर और सभापति चुना जाएगा। कांग्रेस यहां से सभापति के लिए कांग्रेस से केशव बंछोर और चंद्रभान ठाकुर का नाम चल रहा है।
भाजपा फिलहाल यहां बहुमत से काफी दूर है। ऐसे में अभी तक किसी प्रत्याशी का नाम भी सामने नहीं आया है। हालांकि भाजपा नेताओं का कहना है कि वह अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी और नॉकआउट नहीं करेगी। बीजेपी की बात करें तो उसके पास अभी 15 पार्षद ही हैं। उसे बहुमत का आंकड़ा छूने के लिए 6 पार्षदों की और जरूरत पड़ेगी। रिसाली नगर निगम में महापौर और सभापति पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
अज्ञातवास पर गए सभी कांग्रेस पार्षद लौटे
रिसाली नगर निगम में कांग्रेस से चुने गए 21 और समर्थन देने वाले 5 निर्दलीय पार्षद रविवार से ही अज्ञातवास पर हैं। सभी पार्षदों को मध्यप्रदेश के एक धार्मिक पर्यटन स्थल पर ठहराया गया है। वहां लग्जरी लाइफ जीने के बाद मंगलवार रात या फिर बुधवार सुबह 9 बजे तक सभी पार्षद भिलाई पहुंच गए हैं। सुबह 10 बजे सभी रिसाली निगम पहुंचेंगे और अपने पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।



















