
भिलाई: हाउसिंग बोर्ड निवासी एक व्यक्ति ने अपने ही दामाद पर गोली चला दी। पीड़ित युवक इस घटना में बाल बाल बच गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीड़ित युवक ने दो साल पहले आरोपित की बेटी को भगाकर उससे शादी कर ली थी। आरोपित व उसका बेटा इसी बात से नाराज थे।
आरोपित ने उसे धमकी दी थी कि यदि वो कभी भी उसे हाउसिंग बोर्ड में नजर आया तो वो उसे गोली मार देगा। रविवार को पीड़ित युवक अपने भाई से मिलने के लिए हाउसिंग बोर्ड गया था। इसी दौरान आरोपित ने उस पर गोली चलाई। घटना के दौरान आरोपित का बेटा भी वहां उपस्थित था। पुलिस ने आरोपित व उसके बेटे के खिलाफ प्राथमिकी की है। घटना के बाद से आरोपित ससुर फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि ढांचा भवन कुरुद निवासी लखविंदर सिंह रविवार की शाम को अपने भाई से मिलने के लिए हाउसिंग बोर्ड गया हुआ था। उसके भाई के घर के पास ही उसकी पत्नी का मायका भी है। वो अपने भाई के घर के बाहर था। तभी उसका ससुर शरद सिंह और साला भुवन सिंह ने उसे देख लिया। शरद सिंह उसे देखकर गुस्से से आगबबूला हो गया और घर के अंदर से हथियार लाकर उस पर गोली चला दी। लेकिन, लखविंदर सिंह बाल बाल बच गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लखविंदर सिंह ने दो साल पहले शरद सिंह की बेटी से प्रेम विवाह कर लिया था। इसी कारण से आरोपित व उसके परिवार वाले लखविंदर से नाराज रहते थे। आरोपित शरद सिंह घटना के बाद से फरार हो गया। वहीं उसके बेटे भुवन सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपित शरद सिंह तीन साल पहले बिहार के पटना में काम करता था।आशंका जताई जा रही है कि पटना में काम करने के दौरान ही उसने वहां से हथियार खरीदा होगा। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपित ने जिस हथियार से गोली चलाई, वो कट्टा था या पिस्टल। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा। हालांकि यह बताया जा रहा है कि आरोपित ने देशी कट्टा से फायरिंग की है।



















