
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के धौरपुर थाना अंतर्गत छह साल के बच्चे का अपहरण कर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को दफना दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने कुछ संदेहियों को भी हिरासत में लिया है। रंजिश के कारण अपहरण और हत्या की आशंका जताई गई है। देर शाम तक मामले का रहस्योद्घाटन कर दिए जाने की भी पूरी संभावना है।
जानकारी के अनुसार धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चंगौरी निवासी कृषक जयपाल का छह वर्षीय पुत्र अश्वनी शुक्रवार को स्कूल गया था। शाम को स्कूल से लौटने के बाद रोज की तरह वह खेलने चला गया। शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो स्वजन उसकी खोजबीन करने लगे। बच्चे का कहीं कुछ पता नहीं चला। उम्र साथियों से भी पूछताछ की गई लेकिन वे भी कुछ नहीं बता सके। चिंतित परिजन रात भर गांव व आसपास उसकी खोजबीन में लगे हुए थे लेकिन बच्चे का कुछ पता नहीं चल रहा था।उसके साथ पढने वाले बच्चे भी कुछ नहीं बता पा रहे थे। शनिवार दोपहर बाद गांव में ही एक स्थान पर ताजी मिट्टी नजर आने पर स्वजन को संदेह हुआ। जब मिट्टी हटाई गई तो वहां बच्चे का पैर नजर आया। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए अंबिकापुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के साथ पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। धौरपुर तहसीलदार की उपस्थिति में घटनास्थल से सारी मिट्टियों को हटवाया गया। वहां बालक अश्वनी का शव बरामद हुआ।
तत्काल पुलिस ने जांच भी आरंभ कर दी। इसी दौरान पुलिस को घटना से जुड़े कुछ जानकारियां भी मिली। इसी आधार पर छानबीन की जाती रही। रात को पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि पूछताछ में घटना में संलिप्त एक व्यक्ति ने बच्चे की हत्या कर शव को दफना देने की स्वीकारोक्ति भी कर ली है। पुलिस ने अभी तक मामले का राजफाश नहीं किया है। बालक के पिता से रंजिश के कारण बच्चे की हत्या कर शव को दफना देने का संदेह जताया जा रहा है।
आरोपित ने ऐसे स्थान पर शव को दफनाया था जहां लोगों का आना-जाना नहीं होता है। सरगुजा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला का कहना है कि घटना हुई है। बालक स्कूल में पढ़ता था। जांच के बाद कुछ संदेही पकड़ में आए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरीके से साफ होगी। हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द इस मामले का पर्दाफाश कर दिया जाए। कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं उसी दिशा में हमारी जांच चल रही है।



















