
बलरामपुर: डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु के छात्रों ने डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मीट-2024, छत्तीसगढ़ जोन खेल महाकुंभ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। बिश्रामपुर में आयोजित इस क्लस्टर लेवल स्पोर्ट्स मीट में प्रज्ञा बखला (अंडर-17, बालिका वर्ग) ने 800 मीटर रेस में और अभिरथ सिंह देव (अंडर-14, बालक वर्ग) ने शॉट पुट में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा, समीर भगत (अंडर-19, बालक वर्ग) ने 1500 मीटर रेस में और चांदनी सिंह (अंडर-14, बालिका वर्ग) ने 200 मीटर रेस में रजत पदक हासिल किया। कांस्य पदक जीतने वालों में अनुराग शर्मा (अंडर-19, 800 मीटर रेस, बालक वर्ग), तफसीर आलम (अंडर-19, 400 मीटर रेस, बालक वर्ग), बिनती मराबी (अंडर-17, 400 मीटर रेस, बालिका वर्ग), समीर भगत (अंडर-19, 200 मीटर रेस, बालक वर्ग) और पुरन सिंह (अंडर-17, 200 मीटर रेस, बालक वर्ग) शामिल रहे।
इस अद्भुत प्रदर्शन के बाद ये बच्चे राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खेल महाकुंभ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बच्चों की इस सफलता से विद्यालय में हर्षोल्लास का माहौल है। छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, प्राचार्य, शिक्षकगण और विशेष रूप से पीटीआई शिक्षक जितेन्द्र कुमार को दिया, जिनके मार्गदर्शन में बच्चों ने यह उपलब्धि हासिल की।
विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने छात्रों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह जीत उनके कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है, और उन्होंने आगे की चुनौतियों में भी जीत की कामना की। इस खेल महाकुंभ में 14 डीएवी स्कूलों के लगभग 350 बच्चों ने हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल और अनुशासन का परिचय दिया।



















