
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हड़ताल पर बैठे सरकारी कर्मियों से काम लौटने की अपील की है। उन्होंने टि्वटर पर ट्वीट कर यह अपील की है। उन्होंने कहा, हड़ताल में शामिल सभी कर्मचारियों से मेरी अपील है कि लोगों की आवश्यकता से जुड़े काम रुकने से जनता को असुविधा हो रही है। अतः आप सभी कर्तव्य का निर्वहन करें। हमारी सरकार कर्मचारी हित हेतु सदैव तत्पर है। पुरानी पेंशन योजना उसका एक उदाहरण है। राज्य की वित्तीय संसाधनों को देखते हुए हम कर्मचारी हित में निर्णय लेते रहते हैं और आगे भी लेंगे।
मंत्री रविंद्र चौबे ने कर्मचारियों की हड़ताल पर कहा, कर्मचारी फेडरेशन ने सीएम और सीएस से चर्चा की है। इसका जल्द ही समाधान निकलेगा। उन्होंने भरोसा जताया है कि कर्मचारी जल्द हड़ताल वापस लेंगे।
एक दिन पहले सरकार ने हड़तालियों का वेतन काटने की चेतावनी दी थी। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने एक नया आदेश जारी किया है। इसमें काम पर लौटने वालों को सुरक्षा के साथ पूरा वेतन देने का आश्वासन दिया गया है। उधर, कर्मचारी मांगें पूरी होने तक हड़ताल पर डटे रहने की बात कह रहे हैं।
बता दें कि महंगाई भत्ता (डीए) और गृह भाड़ा (एचआरए) की मांग को लेकर प्रदेश के करीब चार लाख कर्मचारी- अधिकारी नौ दिन (22 अगस्त) से हड़ताल पर बैठे हुए हैं। इस बीच जीएडी ने एक आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल कई अधिकारी-कर्मचारी काम पर लौटना चाहते हैं। जीएडी ने राज्य के सभी कलेक्टरों और विभाग प्रमुखों को ऐसे कर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही एक या दो सितंबर को काम पर लौट आने वालों को पूरा वेतन देने का भी आश्वासन दिया है।



















