
सूरजपुर/ दीपेश कुशवाहा: शासन की महत्वपूर्ण धान खरीदी योजना के तहत किसानों के द्वारा खरीदी केंद्रों में धान बिक्री लगातार की जा रही है।धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो इसके लिए जिला प्रशासन मुस्तैद है।इसी परिप्रेक्ष्य में आज कलेक्टर इफ्फत आरा तथा पुलिस अधिक्षक रामकृष्ण साहू के द्वारा धान खरीदी केंद्र रामनगर तथा जयनगर का निरीक्षण किया गया तथा वहां धान बेचने के लिए आए हुए किसानों से आत्मीयता के साथ चर्चा की।

कलेक्टर ने किसानों से बोए गए फसल की मात्रा,समर्थन मूल्य तथा राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत मिलने वाली राशि के संबंध में चर्चा की तथा पूछा कि धान बिक्री करने का उनका अनुभव कैसा रहा,उनको धान बिक्री में कोई समस्या तो नहीं आ रही है जिस पर किसानों ने समिति में समय पर टोकन मिल जाने और समय पर धान तौल हो जाता है बताया। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा किसानों को धान बिक्री की राशि के समय पर भुगतान मिलने के संबंध में भी किसानों से जानकारी प्राप्त की गई। कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को किसानों से सहमति लेकर रकबा समर्पण कार्य में प्रगति लाने के भी निर्देश दिए।



















