
बलरामपुर: कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विकासखण्ड वाड्रफनगर के बसंतपुर एवं पेण्डारी गौठान तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र फुलीडुमर का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया एवं गौठानों में सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने बसंतपुर गौठान में मल्टीएक्टिविटी के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने लक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाये वर्मी कंपोस्ट इकाई का अवलोकन किया। कलेक्टर वर्मी कम्पोस्ट खाद को निर्धारित समय-सीमा पर गुणवत्तापूर्ण तैयार करने निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिये। उन्होंने गौठान में तैयार किये गये वर्मी कम्पोस्ट खाद को शीघ्र विक्रय करने को कहा। कलेक्टर ने गौठान में संचालित मुर्गी पालन इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने मुर्गी पालन से जुडे़ महिलाओं के बेहतर आमदनी हेतु पशुपालन विभाग के अधिकारी को प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर ने मछली पालन कर रहे अमर स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना। कलेक्टर ने मछली पालन विभाग के अधिकारी से उन्हें तत्काल जाल एवं अन्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। इसी प्रकार कलेक्टर ने पेण्डारी गौठान का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को गौठान में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने किया उप स्वास्थ्य केन्द्र फुलीडुमर का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, वनमडलाधिकारी विवेकानंद झा ने फुलिडूमर स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पहुंचे। उन्होंने उप स्वास्थ्य केन्द्र की प्रभारी आरती यादव से स्वास्थ्य केन्द्र में दवाई की उपलब्धता तथा प्रतिदिन ओपीडी की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं वनमण्डाधिकारी ने बीपी एवं शुगर की जांच कराई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, वनमंडलाधिकारी विवेकानंद झा एवं सीईओ जिला पंचायत रीता यादव अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विशाल कुमार महाराणा, उप संचालक कृषि राजेन्द्र एक्का, उप संचालक पशु डॉ. बी.पी. सतनामी, अनुविभागीय वन अनिल पैंकरा, तहसीलदार राजकुमार पैकरा सहित विकासखण्ड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



















