
बलरामपुर: संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कलेक्टर कॉन्फ्रेंस की तैयारी हेतु एजेण्डावार सभी विभाग की गहन समीक्षा करते हुए एजेण्डा के अनुरूप सही जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये, साथ ही शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना तथा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य की बात कार्यक्रम के तहत स्कूली छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य के बारे में मूलभूत जानकारी दी जायेगी, जिसकी शुरुआत आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल से की जायेगी।
बैठक में कलेक्टर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के कलेक्टर कॉन्फ्रेंस तैयारी की एजेण्डावार विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभाग के अधिकारियों को सही जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के तहत् गौठानों में चल रहे निर्माण कार्यों को जल्द पूर्ण करने तथा सभी गौठानों में गोबर खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने पशुधन विभाग के उप संचालक से जिले के सभी पशुओं का टैगिंग करने के निर्देश दिये, जिससे पशु मालिकों की पहचान की जा सके। वर्मी कम्पोस्ट उठाव के जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने उद्यानिकी, कृषि एवं वन विभाग के अधिकारियों से वर्मी कम्पोस्ट के मांग पत्र एक सप्ताह के अंदर देने को कहा।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में लंबित सभी प्रकरणों की गहन समीक्षा की तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिये। उन्होंने खाद्य विभाग के अधिकारी से भारतीय खाद्य निगम में चावल जमा करने की स्थिति की जानकारी लेते हुए समय-सीमा पर चावल जमा करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने जिला विपणन अधिकारी से बारदाना संग्रहण की स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रतिदिन बारदाना संग्रहण की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने कृषि विभाग के उप संचालक से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ई-केवाईसी के कार्य को एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कोविड-19 टीकाकरण के चौथे चरण 07 सितम्बर की तैयारियों की जानकारी लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी आवश्यक तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से एक लाख का टारगेट निर्धारित करते हुए 12 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के पात्र जिन्होंने प्रथम, द्वितीय एवं प्रीकॉशन डोज नहीं लगवाया है, उनका टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रीता यादव, अपर कलेक्टर एस.एस.पैकरा, संयुक्त कलेक्टर एच.एल.गायकवाड़ व आर.एन.पाण्डेय, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।



















