
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का मतदान आज हो रहा है। इसी बीच लुंड्रा बतौली क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 9 के प्रत्याशी शैलेश कुमार सिंह के साथ देर रात मारपीट और लूटपाट की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने शैलेश कुमार सिंह के साथ गाली-गलौज, मारपीट की और उनके मोबाइल फोन, पैसे लूटने के साथ उनके चारपहिया वाहन के टायरों की हवा भी निकाल दी। शैलेश कुमार सिंह लुंड्रा के पूर्व विधायक विजय नाथ सिंह के पुत्र हैं। इस घटना को लेकर उन्होंने लुंड्रा थाने में शिकायत दर्ज कराईहै।
शैलेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि इस हमले में दूसरे प्रत्याशी देवनारायण यादव, उनके पुत्र पुखराज यादव और उनके साथियों का हाथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट और लूटपाट को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।