बेंगलुरु, एजेंसी। कर्नाटक में कांग्रेस ने मंगलवार को एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और अन्य के खिलाफ जुलाई के दौरान कानून के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग (ईसी) के पास शिकायत दर्ज की है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा ने 17 और 18 जुलाई को मतदाताओं को रिश्वत और अन्य प्रलोभन देकर प्रभावित किया। कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने चुनाव आयोग को अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मतदान करने वाले विधायकों को एक पांच सितारा होटल में लक्जरी आवास उपलब्ध कराया गया था। एनडीए उम्मीदवार (मुर्मू), मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कतील, भाजपा के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा, विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक सतीश रेड्डी, मंत्रियों और अन्य के खिलाफ शिकायतें दर्ज की गई हैं।

भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने मिल कर भाजपा के सभी विधायकों को यहां के एक पांच सितारा होटल में आमंत्रित किया और राष्ट्रपति चुनाव में विधायकों को मतदान के लिए प्रशिक्षण देने के बहाने आलीशान कमरे, भोजन, शराब, पेय और मनोरंजन मुहैया कराया। कांग्रेस नेताओं ने शिकायत में कहा, “भाजपा नेताओं के विधायकों को ये सारी सुविधाएं देकर उन्होंने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट करने के लिए अनुचित प्रभाव डाला है। यह चुनाव संहिता का उल्लंघन है।”

बता दें राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के बीच मुकाबला है। वोटों का गणित देखे तो द्रौपदी मुर्मू की जीत पक्की मानी जा रही है। अगर द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनती हैं तो वह आदिवासी समुदाय की देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहुंचने वाली पहली शख्सियत होंगी। 21 जुलाई को वोटों की गिनती के बाद देश के नए राष्ट्रपति के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!