
सूरजपुर/चंचल सिंह: नगर पालिका के शपथ ग्रहण समारोह में भारी गहमागहमी और विवाद के बीच भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने अलग-अलग शपथ ली। महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की उपस्थिति में भाजपा के 10 पार्षदों ने शपथ ग्रहण किया, जबकि कांग्रेस के अध्यक्ष और 8 पार्षदों ने अलग समारोह में शपथ ली। इस दौरान पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा की तस्वीर को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया।
भाजपा और कांग्रेस के शपथ ग्रहण में बंटा समारोह
सूरजपुर नगर पालिका के शपथ ग्रहण को लेकर पहले ही विवाद छिड़ा हुआ था। आमंत्रण कार्ड को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। कार्यक्रम में भाजपा के पार्षदों ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा की मौजूदगी में शपथ ली, जबकि कांग्रेस के पार्षदों और अध्यक्ष ने पूर्व सांसद खेलसाय सिंह की उपस्थिति में अलग शपथ ग्रहण किया।
विवाद तब बढ़ गया जब भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर लगे फ्लेक्स में रामसेवक पैकरा की तस्वीर कांग्रेस नेताओं के साथ जोड़ दी गई। इसे भाजपा ने एक बड़ी गलती बताते हुए नाराजगी जाहिर की।
शपथ ग्रहण की जगह को लेकर कांग्रेस का हंगामा
शपथ ग्रहण समारोह की जगह को लेकर भी विवाद हुआ। कांग्रेस ने नगरपालिका के बाहर शपथ लेने की मांग की, जबकि सीएमओ (मुख्य नगरपालिका अधिकारी) ने प्रशासनिक नियमों का हवाला देते हुए कमरे में शपथ लेने का निर्देश दिया। कांग्रेसियों ने इस पर विरोध जताया, जिसके बाद अंततः नगरपालिका परिषद के बाहर ही कांग्रेस पार्षदों का शपथ ग्रहण कराया गया।
भाजपा ने सीएमओ की शिकायत की
भाजपा ने सीएमओ पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मंत्री ने दी नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शपथ लेने वाले सभी पार्षदों को बधाई और शुभकामनाएं दीं और कहा कि नगर के विकास में सभी को मिलकर कार्य करना होगा।



















