
कोरिया। कोरिया जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी राजेश साहू पर हमला किया गया। चुनाव प्रचार के दौरान हुई इस मारपीट में उनका सिर फूट गया, जिसके बाद समर्थकों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद उन्होंने पटना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत छह नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना 22 फरवरी की रात की है, जब राजेश साहू अपने कार्यकर्ताओं के साथ डूमरिया के एक ढाबे में भोजन कर रहे थे। वहां से लौटते समय जामपारा बरगद पेड़ के पास भाजपा समर्थित डीडीसी प्रत्याशी विनोद कुमार साहू अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। आरोप है कि विनोद कुमार साहू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल, रितेश सिंह, पंकज गुप्ता, अरशद खान और नेपालू ने चुनावी रंजिश के कारण गाली-गलौज की और कार ड्राइवर को डंडे से पीटा। इसके बाद राजेश साहू और दीपक साहू पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।