
अंधेरे से प्रकाश की ओर बढ़ना ही वास्तविक लक्ष्य – प्राचार्य झा
बलरामपुर : डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु में शनिवार को दीपोत्सव का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्कूल में दीपावली के उपलक्ष्य में कई सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें नृत्य, दिया सजावट, कार्ड डेकोरेशन, बोर्ड डेकोरेशन और रंगोली प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। इस मौके पर बच्चों ने भगवान राम, सीता और लक्ष्मण के रूप में सज-धजकर विशेष प्रस्तुति दी, जिससे माहौल में दिव्य ऊर्जा का संचार हुआ।

इस कार्यक्रम की शुरुआत माँ लक्ष्मी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद विद्यालय परिवार ने सामूहिक आरती में भाग लिया। बच्चे “हैप्पी दिवाली” के गीत पर थिरकते नजर आए और सजावट प्रतियोगिताओं में अपने कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “जब एक दिया से दूसरा दिया रौशन किया जाता है, तो पहला दिया बुझता नहीं बल्कि दोनों मिलकर रौशनी बढ़ा देते हैं। हमें भी इसी तरह समाज और राष्ट्र को रौशन करना है। अंधेरे से प्रकाश की ओर बढ़ना ही हमारा वास्तविक लक्ष्य होना चाहिए।” कार्यक्रम में सभी शिक्षकों का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



















